बरेली। मौजूदा दौर की जरूरत को देखते हुए काजी उल कुज्जात फिल हिंद मुफ्ती असजद रजा खां कादरी ने कई गांव का तबलीगी दौरा किया और लोगों को शरीयत के लिए जागरूक किया। साथ ही मसलके आला हजरत और हुजूर ताजुश्शीया के मिशन पर चलने का आह्वान किया। इस दौरान तमाम लोग उनसे मुरीद भी हुए। इस मिशन को लेकर निकले असजद मियां ने जमात रजा मुस्तफा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं दामाद सलमान मियां के साथ पत्ती, बुढ़ा, खटोला, अटा, राटूरी, गौटिया, बबियापुर चौधरी, गुंसा आदि गांव का दौरा किया। इस दौरान जगह जगह ग्रामवासियों ने फूल बरसाते हुए असजद मियां की दस्तबोसी की और महिलाओं सहित बड़ी तादाद में लोगों ने बैत हासिल किया। वहीं काजीउल कुज्जात ने लोगों के लिए खुसूसी दुआ और पानी पर दम भी किया। मीडिया प्रभारी समरान खान ने बताया कि इस मिशन की यह शुरुआत हुई है जो वक्त वक्त पर जारी रहेगा। इस मौके पर शमीम अहमद, बख्तियार रजा, हाफिज इकराम खां, मौलाना जाहिद, शाईबुद्दीन रजवी, वसीम रजा आदि मौजूद रहे।