बरेली। कांवड़ियों के जत्थों के साथ कुछ लोग हॉकी, तलवार आदि लेकर चलते हैं, जो छोटी-छोटी बात पर बवाल करने लगते हैं। अबकी कांवड़ियों के हॉकी, तलवार या किसी भी तरह के असलाह ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। कांवड़ियों या उनके साथ चल रहे लोग बवाल न करें इसकी जिम्मेदारी जत्थेदार की होगी। इसका शपथ पत्र कांवड़ लेकर जाने से पहले प्रत्येक जत्थेदार को देना होगा।
ज्यादातर कांवड़िया जत्थों के रूप में चलते हैं, जिनमें एक व्यक्ति (जत्थेदार) मुख्य होता है। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने बताया कि कांवड़िया या उनके साथ वाले हॉकी, तलवार या किसी तरह का असलाह लेकर नहीं चलेंगे। इसकी जिम्मेदारी जत्थेदार को दी गई है। किसी ने बवाल किया तो जत्थेदार के खिलाफ भी कार्रवाई होगी। इसका शपथ पत्र जत्थेदारों से लिया जा रहा है।
डीजे पर नहीं बजेगा कोई अश्लील गाना
एसपी सिटी ने बताया कि कांवड़यात्रा के दौरान डीजे बजेगा, लेकिन कोई अश्लील गाने नहीं बजाएगा। ध्वनि शासन से जारी निर्देश के अनुसार रहेगी। डीजे मालिक को संबंधित थाने से अनुमति लेने होगी। इसको लेकर सभी डीजे मालिकों को नोटिस जारी कर दिया गया है।
मंदिरों में लगेंगे खुफिया कैमरे, होगी बेरिकेडिंग
जलाभिषेक से पहले शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं को नियंत्रित रखने के लिए बेरिकेडिंग की जाएगी। एसपी सिटी ने बताया कि सभी मंदिर समितियों को निर्देश दिया जा चुका है।
दूसरे जिलों से आएगा पुलिस बल
कांवड़यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंडल के दूसरे जिलों और मुरादाबाद रेंज से पुलिस बल मांगा गया है। यह पुलिस बल शुक्रवार तक आने की उम्मीद है।