बरेली। दरगाह शरीफ पर सुबह से ही भारी चहलपहल रही। अकीदतमंदों के हाजिरी देने के साथ चादरपोशी और गुलपोशी का सिलसिला लगातार जारी रहा। इस बीच शहर के विभिन्न इलाकों से चादरों के जुलूस भी पहुंचते रहे।
महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी असलम मियां के साथ पहुंचे प्रांतीय महामंत्री अजय शुक्ला, अनीस सकलैनी, अवनीश बख्शी टोनू, मोहम्मद हसन, हाजी नजमुल इस्लाम, राजेंद्र सागर आदि ने ताजुश्शरिया की दरगाह पर चादर पेश कर मुल्क की एकता और भाईचारे के लिए दुआ मांगी। हज सेवा समिति के अध्यक्ष पूर्व मंत्री अताउर्रहमान ने भी सपा नेताओं के साथ हाजिरी देकर चादर पेश की। उन्होंने मुफ्ती असजद मियां से भी मुलाकात की। बिहार कलां के मुरीद भी चादरों का जुलूस लेकर दरगाह पहुंचे। इसकी सदारत आरएससी के उपाध्यक्ष मौलाना अदनान रजा कादरी ने की। जुलूस को हाफिज इमरान ने रवाना किया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की ओर से अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव कौसर खां वारसी, जन मानव सेवा समिति की ओर से अध्यक्ष मोहम्मद रजा कैफी और नेशनल फोरस की ओर से सचिव डॉ. मोईन अंजुम ने अजहरी मियां की मजार पर चादरें पेश कर दुआएं मांगीं।