बरेली। आषाढ़ माह की शुक्ल पक्ष द्वितीया को मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ, भाई बलराम, बहन सुभद्रा के संग मौसी गुंडिचा के घर जाते हैं। इस उपलक्ष्य में शहर की विभिन्न धार्मिक संस्थाओं की ओर से रथयात्रा का आयोजन हुआ। मयूरवन चेतना केंद्र के पास स्थित इस्कॉन मंदिर से रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा में सैक ड़ों श्रद्धालुओं ने ‘हरे रामा हरे कृष्णा’ भजन गाते हुए भगवान जगन्नाथ का रथ खींचा। मंदिर से शुरू हुई यात्रा मयूरवन चेतना केंद्र तक गई। भगवान को 56 भोग लगाकर महाआरती की गई। इस दौरान गिरधर गोपाल खंडेलवाल, भीम अर्जुनदास, उज्जवल सुंदरदास, सुशील अग्रवाल, अशोक गोयल, देवेंद्र खंडेलवाल, गोलु प्रभुजी मौजूद रहे।
अखिल भारतीय श्री पंचरामान्दीय निर्मोही अनी अखाड़ा के तत्वावधान में बाग ब्रिगटान स्थित जगन्नाथ मंदिर से रथयात्रा निकाली गई। शुभारंभ मेयर उमेश गौतम और सभासद विपुल लाला ने भगवान की आरती उतारकर किया। संयोजक राजीव पंडित ने बताया कि रथयात्रा सिकलापुर, साहूगोपी नाथ, फर्नीचर मंडी, नगर निगम चौराहा होते हुए वापस मंदिर पर पहुंची। इससे पहले मंदिर महंत राम नारायण दास ने सुबह भगवान जगन्नाथ के भाई बलराम और बहन सुभद्रा का पंचस्नान और हवन पूजन कराया। छप्पन भोग लगाया। शाम को भंडारा भी हुआ। यहां अशोक राजपूत, पंकज पाठक, नेकपाल यादव, रवि गर्ग, हर्ष अग्रवाल और अन्य मौजूद रहे।
नृसिंह मंदिर में भी मनाया गया जगन्नाथ रथयात्रा उत्सव
बड़ी ब्रह्मपुरी स्थित श्री नृसिंह मंदिर में भगवान जगन्नाथ का रथयात्रा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। पंडित केसरी नंदन कौशिक ने भगवान जगन्नाथ की महिमा का वर्णन किया। महिला संकीर्तन मंडल ने कई भजन प्रस्तुत कि ए। ओमप्रकाश शर्मा, संतोष अग्रवाल, पंडित हरीश्वर नाथ पाराशरी, प्रभा पाराशरी, सुरभि पाराशरी, हर्षिता, शिवांग समेत अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।