बरेली। किला स्थित झंडा शरीफ पर उर्से गौसिया का आगाज परचम कुशाई की रस्म से हो गया है। इसके साथ ही अकीदतमंदों को स्वच्छता का पैगाम भी दिया गया।
उर्स की शुरुआत सुबह तिलावते कलाम पाक से हुई। इसके बाद सुबह दस बजे झंडा शरीफ पर गौस पाक का गिलाफ और संदल शरीफ पेश किया गया। इस दौरान सरपरस्त एम हसीन हाशमी ने लोगों से अपने घरों के आस पास साफ सफाई का ख्याल रखने और कूड़ा इधर उधर न फेंकने की अपील की। उलमा की तकरीर के बाद परचम कुशाई का जुलूस शमशुद्दीन का फाटक स्थित मुन्ना अंसारी के निवास से निकाला गया। जो अपने कदीमी रास्तों से होता हुआ झंडा शरीफ पहुंचा। जहां परचम कुशाई की रस्म अदा की गई। रात में उलमा ने गौसे आजम की शान में तकरीर की। कमेटी के सचिव फराज मियां ने बताया कि इतवार को रात में 9 बजे से नातिया मुशायरा होगा।