देर रात तौकीर की घेराबंदी की तैयारी
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
फैसले से पहले प्रशासन लगा सकता है पहरा, तौकीर समर्थक सुरक्षा मिलने की बात कह रहे
बरेली। अयोध्या प्रकरण में फैसले से पहले आला हजरत परिवार से जुड़े आईएमसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तौकीर रजा खां की पुलिस प्रशासन घेराबंदी कर सकता है। एसएसपी ने स्थिति के आधार पर ऐसी कार्रवाई के संकेत दिए। हालांकि तौकीर समर्थक उन्हें सुरक्षा मिलने की चर्चा कर रहे हैं।
अयोध्या प्रकरण पर चौकन्ना प्रशासन फूंक फूंककर कदम रख रहा है। ऐसे में पूर्व में विवादित रह चुके नेता भी नजर में हैं। आईएमसी के फायरब्रांड नेता तौकीर रजा भी इनमें शामिल हैं। बताते हैं कि एहतियात के मद्देनजर प्रशासन तौकीर पर पहरा बैठा सकता है। इसके लिए अधिकारियों में विचार विमर्श भी हो चुका है। एसएसपी शैलेश पांडेय से इस बारे में पूछा गया तो उनका कहना था कि स्थिति के मुताबिक यह संभव है। पुलिस पल-पल की गतिविधियों पर नजर रख रही है। दिन भर पुराना शहर में चर्चा चली कि तौकीर को सुरक्षा मिलने जा रही है। आईएमसी प्रवक्ता डॉ. नफीस से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष को पुलिस ही सुरक्षा देना चाहती थी। गुरुवार को ही सुरक्षा मिलने की बात कही जा रही थी पर अभी तक मिली नहीं है।