दरगाह की गलियों में पसरा सन्नाटा, देर रात हुई राशन की खरीदारी
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। अयोध्या मामले में निर्णय की घोषणा होते ही देर रात तक गुलजार रहने वाले दरगाह आला हजरत से जुड़े इलाके में आधी रात के आसपास ही सन्नाटा पसर गया। वहीं, मिश्रित आबादी वाले इलाके मलूकपुर, बिहारीपुर, पुराना शहर आदि में रात तक किराना दुकानों पर राशन खरीदने वालों की भीड़ रही।
तीन बार कर्फ्यू का दंश झेल चुके बरेलीवासियों के जेहन में आज भी उसका खौफ कायम है। हालांकि इसके बाद शहर के लोगों ने सौहार्द का परिचय दिया है और सभी तीज त्योहार सौहार्द से मनाए जा रहे हैं। मगर अयोध्या मामले में निर्णय की बारी आई तो लोगों के दिमाग में तरह-तरह की आशंकाएं जन्म लेने लगीं हैं। यही वजह रही है कि दरगाह आला हजरत से जुड़ा इलाका, जो रात दो-ढाई बजे तक गुलजार रहता था, रात 12 बजे ही वहां सन्नाटा पसर गया। वहीं, मिश्रित आबादी वाले इलाके मलूकपुर बजरिया, बिहारीपुर, पुराना शहर आदि में देर रात तक दुकानों से लोग राशन समेत अन्य जरूरी सामान की खरीदारी करते रहे। सैलानी के लोग श्यामगंज में खरीदारी को पहुंचे। वहीं, श्यामगंज सब्जीमंडी में भी देर रात लोगों ने दुकानें खुलवाकर सब्जियां खरीदीं।