बरेली। कार्तिक पूर्णिमा पर रामगंगा चौबारी मेला में गोवंशीय पशुओं की खरीद-फरोख्त और फूहड़ डांस कार्यक्रमों पर पूरी तरह से पाबंदी रहेगी। मेला की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट में हुई बैठक में एडीएम प्रशासन वीके सिंह ने इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
बैठक में एडीएम ने अधिकारियों को मेला शुरू होने से पहले सारी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। कहा कि आठ नवंबर को मेला का उद्घाटन होगा। उससे पूर्व व्यवस्थाएं बनाने के लिए वहां सेक्टर मजिस्ट्रेट, मेला थाना, कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र आदि की व्यवस्था कर ली जाए। मेला में लेखपाल एवं कानूनगो की ड्यूटी भी लगाई जाए। बिजली विभाग के अधिकारियों को सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रकाश व्यवस्था बनाने को कहा। मेले में गोवंशीय पशुओं की खरीद-फरोख्त को प्रतिबंधित करते हुए उन्होंने फूहड़ कार्यक्रम न होने देने की बात कही। घाट पर महिलाओं के लिए टीन शेड के स्नानघर बनाने के साथ गोताखोर तैनात करने के निर्देश दिए। मेला से संबंधित अधिकारियों को छुट्टी पर न जाने की हिदायत दी। निगरानी के लिए वहां काम करने वाली संस्थाओं की समिति बनाई जाए। साथ ही पशुपालन, स्वास्थ्य, उद्यान एवं कृषि विभाग के स्टाल लगवाने की बात कही। इस दौरान एसडीएम सदर, सीओ एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।