बरेली। रामलीला समिति की ओर से इस बार भी संगीतमयी रामलीला विंडरमेयर में दो अक्तूबर से छह अक्तूबर तक आयोजित की जा रही है। मंचन का समय प्रतिदिन सायं 6:30 बजे से रहेगा। रामलीला की अवधि सवा दो घंटे होगी।
समिति अध्यक्ष डा. ब्रिजेश्वर सिंह और उपाध्यक्ष डा. गरिमा सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि इस रामलीला का उद्देश्य जनता में रामलीला का महत्व बताना और धार्मिक भावनाओं को जागृत करना है। आम तौर पर युवा वर्ग धर्म से दूर होता जा रहा है। उसको रामलीला के माध्यम से धर्म के करीब लाना है। उन्होंने बताया कि रामलीला का मंचन दूसरे शहरों में भी करने का विचार है। रामलीला में किरदार निभाने वाले मुख्य पात्रों में दानिश खान, रईस खान, लव तोमर, पंकज, अस्मिता श्री, ब्रिजेश तिवारी, अचल आदि हैं। इस दौरान कमेटी के सचिव संजीव अग्रवाल, चरन कमल जीत सिंह, डा. पवन अग्रवाल, राजा चावला, डा. शालिनी अरोड़ा, नवीन कालरा आदि मौजूद रहे। ब्यूरो