बरेली। प्रशासन की अनुमति के बाद श्री रामलीला कमेटी नेकपुर मढ़ीनाथ ने रामलीला के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी। अपर नगर मजिस्ट्रेट सेकेंड ने बुधवार को कमेटी को अनुमति पत्र दिया। कमेटी ने ताले तोड़ने के आरोप में दूसरे पक्ष के दस आरोपियों के लिखाफ थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रशासन की अनुमति के बाद श्री रामलीला कमेटी नेकपुर मढ़ीनाथ और रामलीला कमेटी मढ़ीनाथ के बीच विवाद का पटाक्षेप हो गया। अपर नगर मजिस्ट्रेट सेकेंड ने बुधवार को कमेटी की अध्यक्षा बीना शर्मा को अनुमति पत्र दिया। कमेटी के देवेंद्र जोशी ने बताया कि रामलीला 30 सितंबर से हवन पूजन के बाद शुरू होगी। उन्होंने बताया कि मंगलवार को एक पक्ष ने मंदिर परिसर में बने कमरों के ताले तोड़ दिए थे जिसमें रामलीला के दस्तावेज और कीमती सामान रखा हुआ था, गायब हो गया। इस मामले में दूसरी कमेटी के अध्यक्ष मनोज विकट, संजीव विकट, सुधा सक्सेना, धीरज विकट, दीपू विकट समेत दस लोगों के खिलाफ थाना सुभाषनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। दूसरी ओर मनोज विकट ने कमेटी की अध्यक्षा बीना शर्मा, चरन सिंह यादव, ज्ञान यादव, देवेंद्र जोशी, दिनेश यादव के खिलाफ न्यायालय में याचिका दायर की है। गौरतलब है कि दूसरी रामलीला कमेटी के अध्यक्ष मनोज विकट रामलीला कराने के लिए प्रशासन की अनुमति लेने के लिए मंदिर परिसर में भूख हड़ताल पर बैठ गए थे। मंगलवार को पुलिस ने धरने को समाप्त करा दिया। इस दौरान भीड़ ने मंदिर परिसर में बने कमरों के ताले तोड़ दिए थे।