बरेली। शिया हलके में माहे मोहर्रम के चांद का एलान कर दिया गया है। पहले चांद दिखने की खबर लखनऊ की शिया रुयते हिलाल कमेटी से मिली है, जिसके मुताबिक यहां शिया जामा मस्जिद के इमामे जुमा मौलाना शमसुल हसन खां ने रविवार को मोहर्रम की पहली तारीख होने की तस्दीक की है। इसके बाद खानकाह नियाजिया के प्रबंधक शब्बू मियां नियाजिया ने बताया कि उनकी खानकाह ने शनिवार को चांद रात मान ली है। उन्होंने दिल्ली स्थित दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया, मस्जिद फतेहपुरी और लखनऊ में फरंगी महल से चांद होने के एलान पर माना है।
माहे मोहर्रम के चांद होने का एलान होते ही शिया हल्कों में गम का माहौल छा गया है। सफे आजा बिछा दी गई हैं, इमामबाड़ों में अलम सजा दिए गए हैं और लोगों ने सादे या काले वस्त्र धारण कर लिए हैं। महिलाओं ने शृंगार तक हटा दिए हैं। सभी गमे हुसैन में डूब गए हैं। इमामबाड़ों और घरों में अजादारी का दौर शुरू हो गया है। चांद रात जुलूस निकाला गया और मातमों नौहाख्वानी का सिलसिला भी शुरू हो गया।
रविवार से दिन भर शहर के इमामबाड़ों में दिन भर अलग-अलग वक्त पर मजलिस का दौर रहेगा। उधर, सुन्नी हल्कों में भी अजादारी का सिलसिला शुरू हो गया है। अलबत्ता देर रात तक दरगाह आला हजरत स्थित मरकजी दारुल इफ्ता से चांद का एलान नहीं हो सका है।
चांद रात पर निकाला अलम का जुलूस
बरेली। माहे मोहर्रम की चांद रात पर अलम का जुलूस गढै़या क्षेत्र में निकाला गया। इसमें अंजुमन के सदस्यों ने नौहाख्वानी का मातम कर शहीदाने कर्बला हजरत इमाम हुसैन को याद किया। इसके अलावा सुन्नी हल्के में नजीबन बेगम का तखत भी निकाला गया।
इस सिलसिले के शिया हल्के में दो जुलूस निकाले गए, जिसमें एक जुलूस ऑल इंडिया गुलदस्ते हैदरी की ओर से गढै़या के इमामबाड़ा वसी हैदर से निकाला गया। दूसरा जुलूस अंजुमन गुलदस्ते हैदरी की ओर से इमामबाड़ा हकीम आगा साहब से उठा। फिर यह दोनों जुलूस आगे पीछे मातम और या हुसैन की सदा बुलंद करते गढै़या के इमामबाड़ा मुहम्मद शाह पहुंचे। यहीं पर जुलूस संपन्न हुआ। इस दौरान नजरे इमाम पेश करने के बाद अंजुमन गुलदस्ते हैदरी की तरफ नौहाख्वानी और मातम किया गया। जुलूस में हाजी अजादार हुसैन, सफदर अली काजमी, सैयद हाजी शकील हैदर, जफर अब्बास रिजवी, शानू काजमी, हसन मियां पप्पू आदि शामिल रहे।
उधर, सुन्नी हल्कों में भी तख्तो ताजिये का सिलसिला शुरू हो गया है। इस कड़ी में चांद रात को नजीबन बेगम का रिवायती जुलूस फूलवालान से निकाला गया, जो अपने परंपरागत रास्तों से होता हुआ मलूकपुर स्थित इमामबाड़ा फतेहनिशान पर पहुंचा। यहां कुछ देर रुकने के बाद कुतुबखाना स्थित इमामबाड़ा पहुंच कर संपन्न हुआ।
झंडा आज पेश होगा
बरेली। मोहर्रम के सिलसिले में बाकरगंज कर्बला स्थित इमामबाड़ा पर रविवार को झंडा पेश किया जाएगा। इस रस्म की अदायगी मेहमाने खुसूसी खानकाह नियाजिया के प्रबंधक शब्बू मियां नियाजी करेंगे। इससे पहले यह झंडा बरेली कर्बला कमेटी की ओर से हुसैन बाग स्थित सदर खलील अहमद के निवास से रात 8 बजे उठेगा, जो अपने कदीमी रास्तों से इमामबाड़ा पहुंचेगा। यह जानकारी मीडिया प्रभारी डा. सरताज हुसैन ने दी है।