बरेली। बाबा महाकाल पालकी सेवा समिति की ओर से मंगलवार को बाबा महाकाल की पालकी शोभायात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी तादाद में श्रद्धालु शामिल हुए। कई धार्मिक, सामाजिक समितियों ने शोभायात्रा का स्वागत भी किया। इस दौरान जय महाकाल, बम-बम भोले के जयघोष से राहें गुंजायमान रहीं। शिव की भक्ति में सराबोर श्रद्धालु बाबा की पालकी के संग शिव भजनों पर झूमते, थिरकते हुए आगे बढ़ते रहे।
मंगलवार को श्याम गंज के सेठ गिरधारी लाल मंदिर से पालकी शोभा यात्रा शुरू हुई तो लोग महाकाल की भक्ति में रम गए। सबसे आगे बाबा महाकाल के नंदी, उनके पीछे भारी तादाद में श्रद्धालु और स्कूली बच्चे आगे बढ़ रहे थे। श्यामगंज के गिरधारी लाल मंदिर में पालकी निकालने से पहले गणेश पूजन हुआ। फिर बाबा महाकाल का अभिषेक किया गया। भोलेनाथ महाकाल के रूप में पालकी में सवार होकर शहर भ्रमण पर निकले। श्यामगंज से शुरू हुई यात्रा मठ की चौकी, कुतुबखाना, घंटाघर, जिला अस्पताल, नॉवेल्टी चौराहा, पटेल चौक, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, आनंद आश्रम होते हुए वापस सेठ गिरधारी लाल मंदिर पर पहुंचकर समाप्त हुई।
इन्होंने किया यात्रा का स्वागत
विभिन्न संगठनों ने जगह-जगह पालकी पर पुष्प वर्षा कर प्रसाद चढ़ाया। इसमें पटवा समाज, अग्रवाल सेवा समिति, नंद समाज, गिहार समाज, पंजाबी समाज, सिंधी समाज, विश्व हिंदू परिषद व अन्य ने स्वागत किया। आयोजन में बृजवासी लाल अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, सुरेंद्र पटवा, दिव्य चतुर्वेदी, नीरा भारद्वाज, रोहित अग्रवाल व अन्य का सहयोग रहा।