बरेली। शहर को जाम से मुक्ति नहीं मिल पा रही है। शुक्रवार को कोहाड़ापीर चौराहे पर राहत रही लेकिन नावल्टी चौराहे पर दिन भर जाम लगता रहा। कोहाड़ापीर चौराहे की ओर जा रहे एसपी ट्रैफिक भी नावल्टी चौराहे पर कुछ देर के लिए जाम में फंसे रहे।
महादेव पुल का लोकार्पण होने के बाद से कोहाड़ापीर चौराहे की तरफ जाम लग रहा था। स्थिति को संभालने के लिए शुक्रवार को सुबह से ही वहां यातायात पुलिसकर्मियों को तैनात कर दिया गया। यातायात कर्मियों ने पुल के पास कोई ई-रिक्शा खड़ा नहीं होने दिया। इससे वहां हालात काबू में रहे पर पुल के दूसरे छोर पर नावल्टी चौराहे की तरफ जाम लग गया। नावल्टी चौराहे से महादेव पुल तक दिनभर रुक-रुक कर जाम लगता रहा। अपराह्न दो बजे कोहाड़ापीर चौराहे की ओर जा रहे एसपी ट्रैफिक भी नॉवल्टी पर जाम में फंस गए। यातायात कर्मियों ने जैसे-तैसे उनकी गाड़ी निकलवाई।
महादेव पुल पर पहुंचे एसपी यातायात ने पुल से कोहाड़ापीर चौराहे तक बैरिकेड़िग करवा दी ताकि पुल से आने-जाने वाले लोग आमने-सामने न आएं। अब देखना यह है कि यह प्रयोग कितना कामयाब होता है।