बरेली। पिछले करीब दस दिनों से बादलों और तेज सर्द हवाओं की वजह से दुश्वारियों का सामना कर रहे लोगों को शनिवार को पूरे दिन चटख धूप खिली रहने से कुछ राहत मिली। शीतलहर का प्रकोप भी कम हो गया। मौसम विभाग ने अब शीतलहर मंद पड़ने की भविष्यवाणी की है, हालांकि घने कोहरे के साथ बादल मंडराने से सुबह और शाम अभी सर्द ही रहेंगी।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक शनिवार को भोर में ही हवा की गति कम हो गई जिसके चलते पहाड़ों की सर्द हवाओं का प्रकोप पिछले दिनों की अपेक्षा शनिवार को कुछ कम रहा। इसके साथ चटख धूप खिलने से भी लोगों को खासी राहत मिली। उन्होंने उम्मीद जताई है कि अगर अगले दिनों में हवा की गति कम रही तो शीतलहर से लोगों को राहत मिलेगी मगर कोहरे का प्रकोप बढ़ेगा। सर्द हवा में घुली नमी धूप के संपर्क में आकर वाष्पीकृत होगी जो शाम ढलते ही संघनित होकर घना कोहरा पैदा करेगी। इससे दृश्यता भी कम होगी।
डॉ. गुप्ता के मुताबिक तीन जनवरी तक सुबह और शाम को हल्के और घने कोहरे के साथ दोपहर में हल्की धूप खिलने की उम्मीद है। इसके साथ अनुकूल माहौल मिलने पर बादलों से हल्की-मध्यम बारिश की भी संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान 16.7 और न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। नमी का स्तर सौ फीसदी रहा।