बरेली। पिछले सप्ताह भर तेज धूप और उमस के बाद बृहस्पतिवार रात मौसम ने फिर करवट ली। रात में घने बादल छाए और रुक-रुककर हल्की, तेज बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा। मौसम विभाग ने शनिवार को बारिश का यलो फिर दो दिन ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
शुक्रवार की आधी रात के बाद तेज हवा के साथ बादल छाए और बूंदाबांदी के बाद रिमझिम होने लगी। रात भर रिमझिम का सिलसिला रहा। न्यूनतम पारा 1.6 डिग्री लुढ़ककर सामान्य स्तर पर 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
सुबह भी घने बादल छाए रहे और स्थिति जस की तस रही। दोपहर 12 बजे के बाद बादल छंटे और हल्की धूप निकली पर उमस से राहत रही। अधिकतम पारा छह डिग्री लुढ़ककर सामान्य से करीब चार डिग्री कम 29.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 94 फीसदी और हवा की गति 15-20 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, रुहेलखंड में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। जिन इलाकों में अनुकूल माहौल बन रहा है वहां हल्की तेज और अन्य क्षेत्र में खंडवर्षा या रिमझिम हो रही है। अगले तीन दिन तक बारिश के आसार हैं। गर्मी, उमस से राहत रहेगी।