बरेली। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव ने बंधक बनाए जाने की घटना के बाद उच्च अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने पत्र में जानमाल का खतरा बताया था। ऐसे में कुलपति ने कुलसचिव के कार्यालय और आवास पर सुरक्षाकर्मी तैनात करने के निर्देश दिए हैं।
विगत दिनों कुलसचिव अजय कृष्ण यादव को शिक्षकों ने कार्यालय में बंधक बना लिया था। धक्कामुक्की करते हुए उनकी कार के पहियों की हवा निकाल दी थी। शुक्रवार को उन्हें कार्यमुक्त करते हुए कुलपति ने उपकुलसचिव सुनीता यादव को अतिरिक्त प्रभार सौंपा था। फिलहाल, उन्हें सात दिनों के अंदर उनके कार्यों का जवाब देने का समय दिया गया है। जांच के दौरान वह नेहरू केंद्र निदेशालय में कुलपति की ओर से बताए गए कार्यों को करेंगे। कुलसचिव ने प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा, अपर मुख्य सचिव, निजी सचिव कुलपति, डीएम और एसएसपी को पत्र लिखा था। इसमें विश्वविद्यालय परिसर में हुई घटना को बताते हुए जानमाल की सुरक्षा की मांग की थी। इस पत्र का संज्ञान लेते हुए कुलपति ने सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं।
कुलसचिव से मिलने वालों की जानकारी होगी दर्ज
मुख्य नियंता प्रो. एके सिंह ने सुरक्षा प्रभारी सुधांशु शर्मा को पत्र लिखकर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि तत्काल कुलसचिव के आवास और नेहरू केंद्र स्थित उनके कक्ष पर अतिरिक्त सुरक्षा बढ़ाई जाए। उनके आसपास जाने वाले व्यक्ति की पूरी जानकारी रजिस्टर में अंकित की जाएगी। साथ ही मिलने वालों की फोटोग्राफी भी कराई जाए। सुरक्षा संबंधी रिपोर्ट प्रत्येक दिन मुख्य नियंता को भेजी जाए।