Regional Army recruitment canceled, commute at the gate of the Jat regiment center
- फोटो : बरेली, अमर उजाला
प्रादेशिक सेना की 27 मार्च से 3 अप्रैल तक होने वाली भर्ती अचानक रद्द हो जाने से भर्ती में शामिल होने आए करीब तीन सौ से अधिक अभ्यर्थियों ने कैंट स्थित जाट रेजीमेंट सेंटर के गेट पर जमकर हंगामा कर नारेबाजी भी की। अभ्यर्थियों का आरोप था कि सेना प्रशासन ने भर्ती रद्द करने की नेट तक पर सूचना नहीं दी। काफी संख्या में आए अभ्यर्थी बेवजह परेशान हुए। हंगामा कर रहे छात्रों को कैंट पुलिस ने समझा बुझाकर शांत किया।
जाट रेजीमेंट सेंटर में ऑल इंडिया स्तर की प्रादेशिक सेना की सोमवार को भर्ती होनी थी। इसके लिए यूपी के अलावा हरियाणा आदि प्रांतों से रविवार सुबह ही अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। काफी संख्या में अभ्यर्थी देर शाम तक जाट रेजीमेंट सेंटर पहुंच गए। यहां उन्हें जब अचानक भर्ती रद्द होने की जानकारी मिली तो उनका धैर्य जवाब दे गया। रात करीब दस बजे तीन सौ से अधिक अभ्यर्थियों ने जाट रेजीमेंट सेंटर के गेट पर हंगामा शुरू कर दिया। उनका आरोप था कि सेना प्रशासन ने भर्ती रद्द करने की सूचना नेट तक पर नहीं दी। अचानक भर्ती रद्द कर देने से दूर दराज से आए अभ्यर्थी बेहद परेशान हुए। अभ्यर्थियों का कहना है कि अब यह जानकारी नहीं दी जा रही है कि भर्ती अगली किस तारीख में होगी। हंगामे की सूचना पर इंस्पेक्टर कैंट बृजेश सिंह मय पुलिस बल के मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को समझाबुझाकर हंगामा शांत करा दिया गया है।
जंक्शन पर भी मची रही अफरातफरी
सोमवार को होने वाली सेना की भर्ती के लिए देर रात तक काफी संख्या में अभ्यर्थी बाहर से आ रहे थे। जिससे जंक्शन पर काफी भीड़ भाड़ थी। जाट रेजीमेंट सेंटर पर भर्ती रद्द होने पर हुए हंगामे की जानकारी जैसे ही जंक्शन तक पहुंची तो यहां भी अभ्यर्थियों में आक्रोश पनपने लगा। इसको लेकर यहां भी अफरातफरी का माहौल रहा। कई अभ्यर्थी तो मायूस होकर वापस तक जाते दिखे, वहीं काफी संख्या में अभ्यर्थियों के आने का सिलसिला आधी रात तक जारी रहा। भर्ती रद्द होने की जानकारी पर वह जंक्शन पर ही रुक जा रहे थे, जिससे जंक्शन के बाहर काफी भीड़ थी। इसको लेकर जीआरपी अलर्ट हो गई। जंक्शन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई।