बरेली। बिथरी थाना क्षेत्र के एक गांव में दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी टूटने और मारपीट का मामला सामने आया है। रिपोर्ट के अनुसार, ग्रामीण ने अपनी बेटी की शादी जितेंद्र राठौर के साथ तय की थी। 22 मार्च 2026 को नरियावल स्थित शीतला माता मंदिर में तिलक और गोद भराई हुई थी। दोनों पक्षों की सहमति से 12 दिसंबर को शादी की तारीख पक्की हुई थी। कन्या पक्ष ने तैयारियों में अब तक 514500 रुपये खर्च कर दिए हैं।
ग्रामीण ने बताया कि तिलक और गोदभराई के कुछ महीने बाद दूल्हे के परिवार से सुखराम, ओमेंद्र और धर्मेंद्र उसके घर आए। उन्होंने घरेलू जरूरत बताकर दो लाख रुपये ले लिए। एक नवंबर को वे फिर आए और कहा कि दूल्हा जितेंद्र बुलेट मोटरसाइकिल और दो तोला सोने की चेन की मांग रहा है। मांग पूरी न होने पर तय शादी करने से इन्कार कर दिया।
आरोप है कि लड़की के पिता और अन्य लोग जब दूल्हा पक्ष के घर विनती करने गए तो उनसे बदसलूकी की गई। आरोपियों ने दोबारा आने और कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों में जितेन्द्र राठौर, ओमेंद्र, सुखराम, ज्ञानो देवी और धर्मेंद्र शामिल हैं। एसपी उत्तरी संतोष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। ब्यूरो