बरेली। बरेली एयरपोर्ट पर 17 सितंबर से 10 अक्टूबर तक संचालित 24 दिवसीय ''यात्री सेवा अभियान'' का शनिवार को समापन हो गया। इसमें यात्रियों की सुरक्षा, सुगमता, सेवा गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने सुधारात्मक कदम उठाए।
एयरपोर्ट निदेशक अवधेश अग्रवाल के मुताबिक, 17 सितंबर को वंदेमातरम गायन और यात्रियों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया। क्रमवार टीम ने टर्मिनल भवन, लैंडसाइड, कर्व एरिया, पार्किंग का संयुक्त निरीक्षण किया। साइनेज, पिकअप-ड्रॉप लेन, पार्किंग दरों की पारदर्शिता, सफाई व्यवस्था को परखा गया। दिव्यांगजन के लिए व्हीलचेयर पाथवे, रैंप का निरीक्षण किया।
महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड वेंडिंग मशीन, महिला प्रसाधन, चाइल्ड केयर रूम दुरुस्त किए। आरओ वाटर कूलर्स के टीडीएस और स्वच्छता की जांच की गई। समापन पर सभी एयरलाइंस, सुरक्षा बल, एजेंसी स्टेकहोल्डर्स की बैठक हुई। एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत टर्मिनल परिसर में बरेली की जरी जरदोजी और बैंबू क्राफ्ट को प्रदर्शित किया। परिसर में पौधरोपण हुआ। एलईडी लाइट्स व वेस्ट मैनेजमेंट की समीक्षा हुई। सफाई मित्रों के लिए स्वास्थ्य, नेत्र जांच शिविर लगे। फ्रंटलाइन स्टाफ को ''सर्विस विद अ स्माइल'' की ट्रेनिंग दी गई। स्टेकहोल्डर्स के साथ मेडिकल इमरजेंसी और टेबल-टॉप ड्रिल का भी आयोजन हुआ।