पिछले वित्तीय वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष सीमेंट में 77, स्टील-आयरन में 37, एफएमसीजी में 33 फीसदी की बढ़त
बरेली। सपनों का आशियाना बनाने की चाहत में भवन निर्माण और रियल एस्टेट सेक्टर रफ्तार भर रहा है। राज्य कर विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष इसमें करीब 77 फीसदी का उछाल आया है। ऑटोमोबाइल और फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (एफएमसीजी) सेक्टर से मिलने वाले कर से सरकार का खजाना भर रहा है। अपर आयुक्त ग्रेड-1 आशीष निरंजन के मुताबिक जोन के जीएसटी संग्रह में इनका योगदान क्रमश: 30 व 18 फीसदी है।
राज्य कर विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस वर्ष अप्रैल से सितंबर तक बरेली मंडल से करीब आठ सौ करोड़ रुपये कर संग्रह हुआ है। पिछले वर्ष इस अवधि में करीब सात सौ करोड़ रुपये ही खजाने में जमा हुए थे। यानी पिछले वित्तीय वर्ष के सापेक्ष इस वर्ष करीब 13 फीसदी की बृद्धि हुई है। जीएसटी अधिकारियों के मुताबिक इस वर्ष सीमेंट के कारोबार से 77 फीसदी, स्टील एंड आयरन से 33 फीसदी ज्यादा कर मिला।
अनुकूल मौसम से बढ़ा कारोबार
फोटो
आर्किटेक्ट अभिमन्यु गुप्ता के मुताबिक भवन निर्माण के लिए गर्मियों का मौसम बेहतर माना जाता है, पर बीते तीन वर्षों में गर्मी का प्रकोप अधिक रहा। इस दौरान जिन्होंने निर्माण शुरू कराया, उन्हें खासी परेशानी हुई। सीमेंट तेजी से सूखने से भवन की मजबूती प्रभावित होती है। इस वर्ष पारा अनुकूल रहा। सामान्य तापमान में श्रमिकों ने तेजी से कार्य किया। हल्की बारिश से निर्माण पर पानी के छिड़काव में भी ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ी। धूप और नमी के सामंजस्य से सीमेंट की पकड़ मजबूत होती है। घर टिकाऊ होते हैं।
अभी और तेजी के आसारफोटो
रियल एस्टेट कारोबारी राजू खंडेलवाल के मुताबिक आरसीसी के निर्माण बरसात में होते हैं, जबकि तारकोल खराब हो जाता है। विकास प्राधिकरण, आवास विकास, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम, सिंचाई विभाग, मंडी परिषद व अन्य विभागों ने इस दौरान कई विकास कार्य किए। वर्ष 2022, 2023, 2024 में भूखंड की रजिस्ट्री ज्यादा हुई। अब वहां निर्माण हो रहे हैं। सीमेंट पर जीएसटी दस फीसदी कम हुई है। अन्य निर्माण सामग्रियों पर भी महंगाई कम होने से कारोबार में और तेजी के आसार हैं। ब्यूरो
किस सेक्टर से कितनी हुई बढ़त
सेक्टर 2024-25 2025-26 वृद्धि
ऑटोमोबाइल्स 42.81 49.83 16.40
एफएमसीजी 22.22 29.60 33.25
वर्क कॉन्ट्रैक्ट 22.25 25.31 13.75
सीमेंट 10.82 19.20 77.45
आयरन, स्टील 11.93 16.43 37.69
ऑटो पार्ट्स 6.32 8.51 32.20
जेम्स, ज्वेलरी 4.92 6.31 28.31
टेलीकॉम 3.06 3.78 23.84
अन्य 1.40 2.05 46.35
(नोट : वार्षिक लक्ष्य 1993.77 करोड़ के सापेक्ष सेक्टरवार कर संग्रह और बढ़त फीसदी में)