नवाबगंज। नौकरी लगवाने का झांसा देकर अनुसूचित जाति की महिला से दुष्कर्म का आरोप है। महिला ने राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष मोहल्ला नीमगढ़ निवासी रमेश चंद्र गुप्ता उर्फ बंगाली बाबू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पीलीभीत के जहानाबाद क्षेत्र के एक गांव की महिला ने पुलिस को बताया कि राइस मिल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रमेश चंद्र गुप्ता उर्फ बंगाली बाबू ने नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। आरोपी ने एक सप्ताह पहले नवाबगंज के बाइपास मार्ग स्थित गेस्ट हाउस में बुलाया था। आरोप है कि वहां उसने पेय पदार्थ पिलाया, जिससे वह बेहोश हो गई। होश आया तो दुष्कर्म का पता लगा। शिकायत करने पर आरोपी ने अश्लील फोटो को सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी दी। महिला ने बातचीत की ऑडियो उपलब्ध होने का दावा किया है। यह भी बताया कि आरोपी अब कम उम्र की लड़कियों को उसके पास भेजने का दबाव बना रहा है। थाने में शुक्रवार को रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ नीलेश मिश्रा के मुताबिक, गेस्ट हाउस जाकर उसके प्रबंधक से पूछताछ की गई है। वहां के अभिलेखों को कब्जे में लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। संवाद