बरेली। सोशल मीडिया पर रामनगर के खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) राकेश कुमार का शिक्षकों से रुपये मांगने का वीडियो व ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें बीईओ 500 रुपये के नोट लेने के साथ मिड-डे मील, कंपोजिट ग्रांट में कमीशन मांगने की बात करते दिख रहा है। शिक्षकों ने ऑडियो-वीडियो डीएम, एसएसपी और बीएसए को सौंपकर शिकायत की है। इससे पहले बीईओ ने गुलेली के शिक्षक शुभम कुमार व मझौआ के शिक्षक राकेश कुमार पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
रामनगर के मझौआ स्थित प्राथमिक विद्यालय में तैनात राकेश कुमार ने बताया वह इंचार्ज प्रधानाध्यापक है। बीईओ विद्यालय का निरीक्षण करने आए थे। व्यवस्थाएं सही मिलने के बावजूद उन्हें स्कूल के बाहर बुलाकर रुपये मांगे। कहा- कंपोजिट ग्रांट में 20 प्रतिशत कमीशन और हर माह एमडीएम से दो हजार रुपये चाहिए। शिक्षक के मुताबिक डर की वजह से उसने किसी तरह व्यवस्था कर 12 हजार रुपये बीईओ को नकद दिए। और रुपये नहीं देने पर बीईओ ने एससी-एसटी के झूठे मुकदमे में फंसाने और निलंबित करने की धमकी दी।
शिकायत आई है। मामले की जांच कराकर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। - संजय सिंह, बीएसए
आरोप निराधार हैं। मुझे किसी ऑडियो-वीडियो की जानकारी नहीं है। दोनों शिक्षक मुझसे काफी समय से रंगदारी मांग रहे थे। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा रखी है। जांच होने पर सब कुछ स्पष्ट हो जाएगा। - राकेश कुमार, बीईओ रामनगर