बरेली। 33 फीसदी स्टाफ के साथ सेतु निगम ने चौबारी में रामगंगा में लटके पुल का निर्माण भी शुरू करा दिया है। इस पुल का निर्माण दिसंबर में पूरा होना है लेकिन लॉकडाउन की वजह निर्माण काफी पिछड़ गया है। पीडब्लयूडी ने नए पुल के दोनों ओर एप्रोच रोड बनाने का काम पहले ही शुरू कर दिया था।
शासन ने वर्ष 2016 में रामगंगा पर पुराने पुल के साथ 670.88 मीटर लंबे नए पुल के निर्माण की स्वीकृत दी थी। 46.33 करोड़ की लागत से शुरू हुआ यह प्रोजेक्ट पिछले मार्च-अप्रैल आते-आते खर्च हो गया लेकिन पुल का करीब एक चौथाई काम अभी लटका हुआ है। सेतु निगम के अधिकारियों ने करीब 63.21 करोड़ का संशोधित एस्टीमेट शासन में भेजा था। इसकी स्वीकृति न मिलने से पुल का काम भी छह माह से ठप पड़ा हुआ था। शासन ने संशोधित एस्टीमेट के 59 करोड़ के बजट मंजूरी दे दी। इसके बाद पुल का निर्माण तो शुरू हो गया लेकिन लॉकडाउन में मार्च से ये फिर से लटक गया। हालांकि शासन ने 20 अप्रैल से निर्माण शुरू करने की मंजूरी देने के बाद सेतु निगम ने इस प्रोजेक्ट को शुरू कर दिया है। मंगलवार को स्थानीय मजदूरों को लगाकर काम कराया जा रहा है।
‘सेतु निगम के अटके प्रोजेक्ट को एक के बाद एक शुरू किया जा रहा है। हालांकि कुछ दिक्कतें हैं लेकिन उन्हें भी दूर करने की कोशिश की जा रही है।’
- देवेंद्र सिंह, सीपीएम, सेतु निगम
चौपुला ओवरब्रिज का निर्माण शुरू लेकिन सर्विस लेन टूटी
सेतु निगम ने चौपुला ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया है। किला रोड पर पिलर भी तैयार हो रहे हैं लेकिन सर्विस रोड पूरी तरह से उधड़ा है। इस समय ट्रैफिक भी बहुत कम है तो सर्विस रोड को आसानी से बनाया जा सकता है।