रक्षाबंधन पर चमका बाजार
रक्षाबंधन पर शहर की गलियां फिर रिश्तों की मिठास से सराबोर हो उठी हैं। इस बार राखी बाजार अमेरिकन डायमंड से चमक रहा है। सुनहरे धागों में जड़े छोटे-छोटे अमेरिकन डायमंड के बीच झिलमिलाते बेस्ट ब्रदर या लव यू भइया जैसे संदेश बहनों की पहली पसंद बने हुए हैं।
दुकानदार विकास नागपाल ने बताया कि यूनिकॉर्न, पैपा पिग, छोटा भीम, स्पाइडर मैन, डोरेमॉन और शिवा जैसे फेवरेट कैरेक्टर की राखियां बच्चों की पहली पसंद बनी हुई हैं। कुछ राखियों में लाइट और म्यूजिक की सुविधा भी है। इससे बच्चे बेहद आकर्षित हो रहे हैं।
क्यूआर कोड राखी आ रही डिजिटल ट्विस्ट के साथ
इस बार बाजार में क्यूआर कोड वाली राखियां भी मौजूद हैं। इसे स्कैन करते ही मोबाइल फोन पर बहन का प्यार भरा वीडियो संदेश या कोई गाना बजने लगता है। जो बहनें अपने भाइयों से दूर हैं, उनके लिए यह राखी एक खास जुड़ाव का माध्यम बन गई है। ब्रेसलेट राखी भी काफी ट्रेंड में है। युवाओं में इस बार भी इविल आई राखी का चलन देखने को मिल रहा है। नीले और सफेद रंग की यह स्टाइलिश राखी बुरी नजर से बचाने का प्रतीक मानी जाती है।
भैया-भाभी की जोड़ी के लिए लुंबा राखी
बहनें अब सिर्फ भाई के लिए ही नहीं, बल्कि भाभी के लिए भी विशेष राखियां खरीद रहीं हैं। लुंबा राखियों के सेट इस बार खूब बिक रहे हैं। कलश, मोर, फूल और झुमके की आकृति वाली राखियां काफी पसंद की जा रही हैं।