नगर निगम ने नहीं जलवाए अलाव
शहर में ठंड बढ़ने के बाद नगर निगम ने अलाव नहीं जलवाए हैं। रात में लोग ठिठुरते नजर आए। गीली लकड़ी अलाव में भेजने पर शुक्रवार को दोपहर हंगामा मचा तो शाम को नगर निगम के अधिकारियों ने सार्वजनिक स्थलों पर लकड़ी नहीं भेजी। अमर उजाला की पड़ताल में रोडवेज बस अड्डा, अय्यूब खां चौराहा और गंगापुर के मजदूर अड्डे पर राहगीर और मजदूर ठंड से ठिठुरते मिले।
गंगापुर मजदूर अड्डे पर ठिठुरते मजदूरों ने पुराने गत्ते जलाकर काम चलाया। यह स्थिति तब है जब पार्षद और आम लोग समय-समय पर अलाव में गीली लकड़ी न जलने की शिकायत करते रहे हैं। रोडवेज के पुराने बस अड्डे पर अलाव बुझा रहा। बरेली से आगरा जा रहे प्रेम आर्य ने बताया कि ऐसा लगता कि कमीशन की आंच में लकड़ी नहीं आ रही।
गंगापुर मजदूर अड्डे पर मौजूद मिले पप्पू और प्रेमबाबू ने बताया कि अलाव की लकड़ी नहीं पड़ रही। इसलिए गत्ते एकत्र करके सर्दी मिटा रहे हैं। अय्यूब खां चौराहे पर भी लकड़ी नहीं मिली। खजांची लाल और पुरुषोत्तम ने बताया कि हर रोज शाम को छह-सात बजे तक लकड़ी आती है जो गीली होने की वजह से जलती नहीं , लेकिन शुक्रवार शाम को लकड़ी नहीं आई।