स्कूलों में जलभराव, पढ़ाई पर फिर रहा पानी
बारिश के चलते कई स्कूलों में बुधवार तक तक जलभराव रहा। इससे छात्र-छात्राओं को आवागमन में दिक्कत हो रही है। कई जगह विद्यार्थियों ने आने-जाने के लिए ईंटों की पगडंडी बना रखी है। परिसर में जलभराव की वजह से फिसलन और काई जैसी स्थितियां बन गई हैं। खतरे को देखते हुए अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से परहेज कर रहे हैं।
प्राथमिक विद्यालय चीनी मिल नेकपुर में भी पानी भरा हुआ था। छात्रों और शिक्षकों ने पीछे के गेट से आने-जाने के लिए रास्ता बनाया। सुबह की प्रार्थना भी बरामदे में कराई गई। हजियापुर विद्यालय में भी जलभराव की समस्या रहती है। आसपास के लोगों ने स्कूल में अव्यवस्था का वीडियो बनाकर वायरल किया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह का कहना है कि बारिश के बाद कुछ समय के लिए पानी भर जाता है। इसके बाद निकलवा दिया जाता है। स्कूलों में व्यवस्थाओं के निरीक्षण के लिए खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
इन स्कूलों में बाधित रहा आवागमन
प्राथमिक विद्यालय हजियापुर, सिठौरा, इटउआ सुखदेवपुर, फरीदपुर का वर्कालीशाह विद्यालय, कंपोजिट विद्यालय रघुवर दयाल, रामनगर का प्राथमिक विद्यालय अयोध्या, प्राथमिक विद्यालय बिरिया नारायणपुर समेत अन्य कई स्कूलों में हालात ज्यादा खराब हैं।