बरेली। बीते दिनों आई आंधी-बारिश से जिले के कई हिस्सों में गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचा है। फसल बीमा कराने वाले कई किसान अब नुकसान का सर्वे कराने के लिए प्रयासरत हैं। अब तक 350 से अधिक किसान बीमा कंपनी के हेल्पलाइन नंबर पर इस संबंध में शिकायत भी दर्ज करा चुके हैं।
फसल बीमा कंपनी की ओर से किए गए शुरुआती सर्वे और जांच के आधार पर सामने आया है कि बहेड़ी, फरीदपुर और आंवला तहसील में सबसे अधिक नुकसान हुआ है। यहीं के किसानों ने सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई हैं।
बहेड़ी के 75, नवाबगंज के 52 और फरीदपुर के 29 किसानों की फसल प्रभावित हुई है। फिलहाल बीमा कंपनी ने प्रभावित क्षेत्रों में जमीनी स्तर पर नुकसान के आकलन की प्रक्रिया तेज कर दी है, ताकि समय रहते मुआवजे की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जा सके।