जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर दो की दिल्ली जाने वाली अप लाइन बहुत जल्द 110 किमी की रफ्तार से गाड़ियां दौड़ाने लायक हो जाएंगी। इस प्लेटफार्म की बूढ़ी हो चुकी पटरी को बदलने का फरमान आ चुका है। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक पटरी बदलने के लिए 36 दिनों का ब्लॉक लिया जाना है, जिसकी अनुमति के लिए उत्तर रेलवे के मुरादाबाद डिवीजन को पत्र लिख दिया गया है। अनुमति आने के बाद काम शुरू करा दिया जाएगा। इस प्लेटफार्म को वॉशेबल भी बनाया जाएगा।
दिल्ली, देहरादून और हरिद्वार जाने वाले अप लाइन को वॉशेबल बनाने के लिए लंबे ब्लॉक की वजह से रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जंक्शन प्रशासन इन ट्रेनों को प्लेटफार्म नंबर एक, तीन और चार से संचालित करने की तैयारी कर रहा है। बाकी प्लेटफार्म पर ट्रेनों का लोड बढ़ने से उनके लेट होने की आशंका है। प्लेटफार्म नंबर दो की पुरानी पटरियों, स्लीपर को हटाकर नए स्लीपर बिछाए जाने हैं। फर्श भी नया बनाया जाएगा। पूरी लाइन को बदलने के लिए 36 दिनों का समय लगेगा। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। मुरादाबाद मंडल से लाइन बदलने के लिए सामान का आना भी शुरू हो गया है। जिससे साफ लग रहा है कि जल्द काम शुरू कराया जाना है।
वर्षों से 10 किमी प्रति घंटा का लगा था कॉशन
प्लेटफार्म नंबर दो की रेल लाइन जर्जर हो चुकी थी। लकड़ी के लठ्ठे लगाकर ट्रेनों का संचालन कराया जा रहा था। लकड़ी के स्लीपर गल चुके थे। रेल पटरी पर ट्रेनों का संचालन खतरनाक मानते हुए यहां 10 किमी प्रति घंटा का कॉशन लगा हुआ था। बरेली जंक्शन के इंजीनियरिंग विभाग लंबे समय से यहां की रेल पटरियों को बदलने के लिए पत्राचार कर रहा था।
प्लेटफार्म नंबर दो पर 36 दिनों का ब्लॉक लिया जाना है, जिसके बाद रेल लाइन को बदल दिया जाएगा। यह प्लेटफार्म वाशेबल भी बना दिया जाएगा। - चेतन स्वरूप शर्मा, स्टेशन मास्टर, बरेली जंक्शन