रेलवे बोर्ड ने ऑपरेटिंग अनुभाग को भेजे निर्देश, सवारी गाड़ियों के चलने से 25 दिन बाद स्टेशनों पर लौटेगी रौनक
बरेली। रेलवे 15 अप्रैल से ट्रेनों का संचालन करेगा, ऐसे मुरादाबाद और इज्जतनगर रेल मंडल के अधिकारियों ने संकेत दिए हैं, जिसमें स्टाफ को ट्रेन चलाने की तैयारियां शुरू करने को कहा गया है। यहां बता दें कि ट्रेनों का संचालन 22 मार्च से बंद है। केवल मालगाड़ियां ही चलाई जा रही हैं, ताकी खाद्यान्न और अन्य जरूरी चीजों की कमी न रहे।
रेलवे बोर्ड ने सभी ट्रेेनों को 15 अप्रैल से चलाने के लिए तैयारी शुरू करने निर्देश दिए हैं। यह निर्देश ऑपरेटिंग अनुभाग को भेजे गए हैं। सूत्रों का कहना है कि रेलवे बोर्ड ने जैसे एक साथ ट्रेनें बंद की हैं, वैसे ही सभी ट्रेनें एक साथ चलाई भी जाएंगी। गौरतलब है कि 22 मार्च को लॉकडाउन होने की वजह से ट्रेनों का संचालन बंद किया गया था। इसके बाद 25 मार्च तक ट्रेनों के संचालन पर रोक लगा दी गई। 25 मार्च को प्रधानमंत्री मोदी के 21 दिन के लॉकडाउन ने ट्रेनों को चलाने की सभी संभावनाएं खत्म कर दीं। ट्रेनों समेत अन्य यातायात के संसाधनों को 14 अप्रैल तक रोक दिया गया। अब ट्रेनों को फिर से चलाने की बात कही जा रही है। इससे पहले ऑनलाइन रिजर्वेशन भी शुरू कर दिए गए हैं, जिनमें कुछ ही दिन में सभी ट्रेनों में वेटिंग की पोजीशन आ गई है। यहां बता दें कि इज्जतनगर रेल मंडल से 160 और जंक्शन से नौ ट्रेनों का संचालन होता है।
रेलवे ने तैयारियां शुरू कर रखी हैं। आदेश मिलते ही ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। कंट्रोल के मेसेज पर सभी स्टाफ ड्यूटी पर पहुंच जाएगा।
- राजेंद्र सिंह, पीआरओ इज्जतनगर रेल मंडल