बरेली। रक्षा संपदा कार्यालय ने जंक्शन और रेलवे कॉलोनी का सर्वे शुरू करा दिया है। रेलवे सेना की 7.2 एकड़ से ज्यादा भूमि का इस्तेमाल कर रहा है। इसमें जंक्शन का सर्कुलेटिंग एरिया और जीआरपी थाने के सामने, कैंट रोड की रेलवे कॉलोनी भी शामिल है। सर्वे रक्षा संपदा कार्यालय और रेलवे की संयुक्त टीम कर रही है। सर्वे के अनुसार रक्षा संपदा के तहत आने वाली 7.2 एकड़ से ज्यादा भूमि का रेलवे इस्तेमाल कर रहा है।
जंक्शन के विस्तार के लिए छह से बढ़ाकर 10 प्लेटफाॅर्म किए जाने हैं। पुराना भवन तोड़ने के बाद नए भवन का निर्माण भी होना है। प्लेटफाॅर्म नंबर एक की लंबाई 120 मीटर बढ़ाई जानी है। यार्ड का उच्चीकरण होना है। इस दौरान सेना की भूमि पर भी कुछ काम होंगे। इससे पहले रक्षा संपदा कार्यालय, कैंट बोर्ड और रेलवे की संयुक्त टीम ने भूमि का सर्वे शुरू कर दिया है। कैंट बोर्ड के राजस्व निरीक्षण विकास ने बताया कि रक्षा संपदा के तहत आने वाली 7.2 एकड़ से ज्यादा भूमि का रेलवे इस्तेमाल कर रहा है। रक्षा संपदा विभाग के आदेश पर रेलवे जंक्शन और रेल कॉलोनी का सर्वे कराने के साथ जमीन की नापजोख कराई गई है। रेलवे के पास यह जमीन लीज पर है। जंक्शन का विस्तार होना है। उसी दशा में नए सिरे से नापजोख की जा रही है।