चंडीगढ़-बरौनी के बीच एक-एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन
छठ पूजा से पहले पूर्वांचल और बिहार रूट की ट्रेनों पर यात्रियों का लगातार दबाव बढ़ रहा है। इस बीच रेलवे ने बरौनी-चंडीगढ़ के बीच एक-एक फेरे के लिए विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि 04538 चंडीगढ़-बरौनी आरक्षित विशेष गाड़ी 10 नवंबर को चंडीगढ़ से रात 10 बजे चलने के बाद अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 7:44 बजे बरेली आएगी। यहां से चलने के बाद लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, वाराणसी, गाजीपुर सिटी, बलिया, छपरा, हाजीपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर होते हुए तीसरे दिन तड़के 3:30 बजे बरौनी पहुंचेगी।
04537 बरौनी-चंडीगढ़ आरक्षित विशेष गाड़ी 12 नवंबर को बरौनी से सुबह 6:30 बजे चलने के बाद दूसरे दिन सुबह 5:10 बजे बरेली आएगी। दोपहर 1:20 बजे चंडीगढ़ पहुंचेगी।
लखनऊ-दिल्ली एसी सुपरफास्ट में अतिरिक्त कोच
दिल्ली-लखनऊ रूट पर यात्रियों के दबाव को देखते हुए रेलवे ने लखनऊ-दिल्ली एसी सुपरफास्ट में एसी तृतीय श्रेणी का एक अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 12429 लखनऊ-दिल्ली एसी सुपरफास्ट में 11 से 16 और 12430 दिल्ली-लखनऊ एसी सुपरफास्ट में 12 से 17 नवंबर तक एक-एक तृतीय श्रेणी एसी कोच लगाया जाएगा।