वेंडरों के मेडिकल बनाने में लाखों की वसूली के खेल का पर्दाफाश होने के बाद सीबीआई ने स्टेशन अधीक्षक के कार्यालय में तैनात बाबू अनिल चंद्रा उर्फ इंडियन को गिरफ्तार करके रिपोर्ट दर्ज की थी। खुलासे के तीन दिन बाद ही स्टेशन अधीक्षक चेतन स्वरूप का ट्रांसफर कर उन्हें रामगंगा स्टेशन पर तैनात कर दिया है। उनकी जगह रामगंगा स्टेशन मास्टर ओपी मीना को भेजा गया है। स्टेशन अधीक्षक के ट्रांसफर को सीबीआई के छापे से जोड़कर देखा जा रहा है।
चार दिन पहले लखनऊ से आई सीबीआई की आठ सदस्यीय टीम ने जंक्शन पर छापामारी करके स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में काम करने वाले बाबू अनिल चंद्रा उर्फ इंडियन को पांच वेंडरों के मेडिकल बनाने के लिए 17 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा था। बाबू के साथ दो महिला स्टाफ से भी लंबी पूछताछ की गई थी। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में काम करने वाले एक चपरासी से भी रुपयों के लेनदेन को लेकर पूछताछ हुई। वेंडर एसोसिएशन के संचालक राजकुमार की शिकायत पर छापामारी की गई थी। सूत्रों के मुताबिक सीबीआई चार्जशीट में कुछ और लोगों के नाम भी खोल सकती है। मंगलवार को मुरादाबाद मंडल के आदेश पर स्टेशन अधीक्षक चेतन स्वरूप शर्मा को रामगंगा स्टेशन का प्रभार दिया गया, जबकि रामगंगा स्टेशन का प्रभार संभालने वाले ओपी मीना को उनकी जगह भेजा गया है।