बरेली। पीलीभीत-टनकपुर सेक्शन में त्रिवेणी एक्सप्रेस के आगे भेड़ों का झुंड आने और 100 भेड़ों के कट जाने की जांच आरपीएफ ने शुरू कर दी है। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त (इज्जतनगर रेल मंडल) के आदेश पर पीलीभीत आरपीएफ इंस्पेक्टर मामले की जांच कर रहे हैं। इस मामले में पीलीभीत सेक्शन के पीडब्ल्यूआई पर घटना छिपाने के आरोप में कार्रवाई होना तय मानी जा रही है।
शनिवार को त्रिवेणी एक्सप्रेस से 100 भेड़ें कटने के मामले में ट्रेन के ड्राइवर ने मझोला के स्टेशन मास्टर जय चौधरी को जानकारी दी थी। उन्होंने उसी समय सेक्शन के पीडब्ल्यूडीआई को मेसेज दिया था, लेकिन पीडब्ल्यूडीआई मंडलीय अधिकारियों को सूचना दिए बिना ही ट्रैक साफ कराने लगे। हालांकि ट्रैक भी पूरी तरह साफ नहीं हुआ। इस मामले की जांच सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रमोद कुमार ने पीलीभीत के आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार को सौंपी है। एक सप्ताह में वह जांच पूरी करके अधिकारियों को रिपोर्ट सौंपेंगे। शनिवार शाम न्यूरिया हुसैनपुर स्टेशन के पास ट्रैक पार करते वक्त भेड़ों का झुंड त्रिवेणी एक्सप्रेस के आगे आ गया था। ड्राइवर ने ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश भी की, लेकिन तब तक सौ भेड़ें कट गईं। इससे रेल यातायात भी बाधित हो गया। ड्राइवर ने मझोला स्टेशन मास्टर को सूचना दी, लेकिन इज्जतनगर कंट्रोल तक सूचना नहीं पहुंची। रविवार सुबह ट्रैक मैन पेट्रोलिंग को निकले तो उन्होंने ट्रैक पर भेड़ों के लोथड़े पड़े देखे। इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच आरपीएफ करेगी। उन्होंने पीडब्ल्यूडीआई पर घटना छिपाने को लेकर कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।