बरेली। धनेटा के पास मुरादाबाद की ओर से आ रही मिलेट्री स्पेशल ट्रेन का कैंपिंग कोच पटरी से उतर गया। इससे डाउन लाइन पर रेल ट्रैफिक बाधित हो गया। जंक्शन से रिलीफ ट्रेन मौके पर भेजी गई है। जंक्शन से जीआरपी और रामपुर से आरपीएफ भी मौके पर पहुंच गई है।
मुरादाबाद से मिलेट्री स्पेशल ट्रेेन कैंपिंग कोच (वाहन ले जाने वाले खाली कोच) लेकर लखनऊ की ओर जा रही थी। शाम साढ़े सात बजे धनेटा के पास नई दिल्ली दरभंगा बिहार संपर्क क्रांति सुपर फास्ट एक्सप्रेस गुजारने के लिए ट्रेन को लूप लाइन पर ले जाया गया। ट्रेन की स्पीड भी कम थी लेकिन लूप लाइन पर पिछले कोच की कपलिंग टूट गई। इससे मालगाड़ी दो भागों में बंट गई। आधी ट्रेन आगे बढ़ गई, बची हुई ट्रेन का आखिरी कोच पटरी से उतर गया। स्टेशन मास्टर ने इसकी सूचना मुरादाबाद रेलवे कंट्रोल को दी। इसके बाद जंक्शन से रिलीफ ट्रेन भेजी गई। इस घटना से डाउन लाइन पर ट्रैफिक एक घंटे बाधित रहा। धनेटा स्टेशन पर आला हजरत एक्सप्रेस और नगरिया सादात स्टेशन पर बिहार संपर्क क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस को रोक दिया गया। मुरादाबाद डिवीजन के एडीआरएम अश्विनी कुमार ने कपलिंग टूटने की घटना के जांच के आदेश दिए हैं। देर रात तक कोच को उठाकर पटरी पर लाने की कोशिश होती रही।