बरेली। मुरादाबाद डिवीजन हापुड़ से आलमनगर तक अलग-अलग सेक्शन में चार घंटे का मेगा ब्लॉक लेकर स्लीपर और पटरियों की मरम्मत करेगा। ब्लॉक सुबह 9:40 से शुरू होकर दोपहर 11:40 तक चलेगा, जिसके चलते वाराणसी से बरेली आने वाली बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस बरेली-लखनऊ के बीच रद्द रहेगी। ब्लॉक के चलते काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनें करीब एक घंटे देरी से जंक्शन पहुंचेंगी।
मेगा ब्लॉक हापुड़ से मुरादाबाद सुबह 9:40 से दोपहर 01:40 बजे, मुरादाबाद से बरेली 11:45 से 03:45 बजे, बरेली से शाहजहांपुर 01:20 से 5:20 बजे और शाहजहांपुर से आलमनगर सुबह 8:40 से शाम 5:20 बजे तक रहेगा। मेगा ब्लॉक से नई दिल्ली राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस 30 मिनट, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस 40 मिनट और अमृतसर कोलकाता अकाल तख्त एक्सप्रेस 50 मिनट देरी से जंक्शन पहुंचेगी। काठगोदाम से लखनऊ जाने वाली लखनऊ काठगोदाम एक्सप्रेस दो घंटे देरी से जंक्शन से चलेगी। करीब आधा दर्जन ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। वाराणसी से बरेली आने वाली वाराणसी एक्सप्रेस का संचालन वाराणसी लखनऊ के बीच होगा। शुक्रवार को यह ट्रेन जंक्शन नहीं आएगी। सीतापुर शाहजहांपुर पैसेंजर (55045/ 55046) बरतारा और शाहजहांपुर, काठगोदाम मुरादाबाद पैसेंजर (55301/55302) रामपुर-मुरादाबाद, मुरादाबाद रामनगर पैसेंजर (55308/55311) पीपलसाना-मुरादाबाद के बीच रद्द रहेगी।