बरेली। डाउन लाइन पर हापुड़ से आलमनगर तक रेलवे ने शुक्रवार को आठ घंटे का ब्लॉक लेकर पटरियों की मरम्मत कराई, लेकिन इसकी सूचना देना जरूरी नहीं समझा। इतना ही नहीं बिना बताए बरेली-वाराणसी एक्सप्रेस को भी निरस्त कर दिया। अन्य ट्रेनें भी घंटों देरी से चलीं। रेलवे की इस लापरवाही से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
रेलवे के इंजीनियरिंग अनुभाग ने शुक्रवार सुबह 9:40 से शाम 5:20 तक डाउन लाइन पर हापुड़ से आलमनगर तक मेगा ब्लॉक लेकर पटरियों और स्लीपर की मरम्मत की। पांच सेक्शन पर अलग-अलग समय में ट्रेनों का संचालन रोका गया। हापुड़ से मुरादाबाद सुबह 9:40 से दोपहर 1:40 बजे, मुरादाबाद से बरेली 11:45 से 3:45 बजे, बरेली से शाहजहांपुर दोपहर 2:30 से शाम 5:20 बजे तक और शाहजहांपुर से आलमनगर तक सुबह 8:40 से 11:40 तक ब्लॉक लिया गया। वाराणसी से बरेली आने वाली बरेली वाराणसी एक्सप्रेस (14235) को लखनऊ-बरेली के बीच निरस्त कर दिया। छोटे-छोटे स्टेशनों के यात्री टिकट लेकर ट्रेन का इंतजार करते रहे, लेकिन ऐन मौके पर ट्रेन रद्द होने की घोषणा हुई तो वो मायूस हो गए। टिकट वापस करने पर रेलवे ने तीस रुपये काट लिए। जंक्शन पर काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस दो घंटे, नई दिल्ली राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस आधा घंटा, नई दिल्ली वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटे, अमृतसर कोलकाता अकाल तख्त एक्सप्रेस सवा घंटे, लालगढ़ डिब्र्रूगढ़ अवध असम एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे देरी से जंक्शन पहुंची। इसके अलावा इज्जतनगर मंडल की काठगोदाम मुरादाबाद पैसेंजर रामपुर और रामनगर मुरादाबाद पैसेंजर पीपलसाना से टर्मिनेट कर दी गई।