लालफाटक पर ओवरब्रिज का काम शुरू करने के लिए रेलवे पहली सितंबर से ट्रैफिक का संचालन बंद करने पर अड़ा है। जबकि सेतु निगम और प्रशासन चाहता है कि रेलवे एक साइड का ट्रैफिक चलने दे, ताकि चौपुला पर वाहनों का दबाव कम किया जा सके। इसे लेकर स्थानीय रेलवे अधिकारियों से चर्चा भी हुई, लेकिन अब तक कोई नतीजा नहीं निकला। अब सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक रेलवे के उच्चाधिकारियों से वार्ता के लिए बृहस्पतिवार को लखनऊ रवाना हो गए हैं।
रेलवे के अधिकारियों ने प्रशासन को कुछ दिन पहले यह चिट्ठी भेजी थी कि लालफाटक पर ओवरब्रिज का काम शुरू करने के लिए एक सितंबर से लालफाटक पर ट्रैफिक का संचालन बंद करना जरूरी है। इस लेटर के बाद से ही सेतु निगम और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के बीच इसे लेकर हड़कंप मचा है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि अगर लालफाटक पर यातायात बंद हो गया तो बदायूं जाने के लिए चौपुला पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाएगा। चूंकि यहां पर फ्लाईओवर का काम भी चल रहा है।
इसलिए सेतु निगम भी इससे प्रभावित है। इस मामले को लेकर सेतु निगम और ट्रैफिक पुलिस के अफसरों ने रेलवे अफसरों को यह सुझाव दिया था कि लालफाटक पर एक साथ फोरलेन के बजाय दो हिस्सों में टूलेन ओवरब्रिज बनाया जाए, ताकि रोड के एक हिस्से पर ट्रैफिक चलता रहे, लेकिन रेलवे के अधिकारी इससे सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि ओवरब्रिज का काम तभी शुरू होगा, जब ट्रैफिक पूरी तरह बंद हो जाएगा। वरना हादसे का खतरा बना रहेगा।
इस मद्दे पर स्थानीय रेल अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा रहने के बाद बृहस्पतिवार को सेतु निगम के सीपीएम देवेंद्र सिंह रेलवे उच्चाधिकारियों से वार्ता के लिए लखनऊ रवाना हो गए हैं। इस मीटिंग में लालफाटक के साथ आईवीआरआई क्रासिंग पर रेलवे के पुल के अधूरे काम पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।
डीएम ने एडीएम और एसपी को दिए ट्रैफिक प्लान के निर्देश
चौपुला और लालफाटक पर पुलों का निर्माण से जाम की समस्या बढ़ रही है। इसे लेकर डीएम वीरेंद्र कुमार सिंह ने एडीएम सिटी महेंद्र कुमार और एसपी ट्रैफिक को सेतु निगम और रेलवे के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर ट्रैफिक प्लान बनाने के निर्देश दिए हैं। इसमें वैकल्पिक रास्तों को लेकर भी चर्चा होनी है।
‘सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक रेलवे अधिकारियों से वार्ता के लिए लखनऊ गए हैं। इसमें लालफाटक पर ट्रैफिक का संचालन पूरी तरह से बंद न करने को लेकर भी चर्चा होगी।’
-
वीके सेन, डीपीएम, सेतु निगम