वयोवृद्ध रेलकर्मी ने किया डीआरएम आफिस के प्रवेश द्वार का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक ने डीजल शेड का निरीक्षण करके खामियां दूर करने का निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने डीआरएम आफिस पर नए बने प्रवेश द्वार का उद्घाटन वयोवद्ध रेलकर्मी से कराया।
एक दिवसीय निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक राजीव अग्रवाल पहले डीजल शेड पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि लोकोमोटिव का बारीकी से निरीक्षण किया जाना चाहिए। लोको विफलताओं की रोकथाम के लिए एक चैक लिस्ट तैयार करके लोकोमोटिव को सेवा में भेजा जाए। उन्हाेंने लोकोमोटिव का रिपेरिंग सिस्टम सुधार लाने के निर्देश दिए। राजीव अग्रवाल ने शेड के विभिन्न शॉपों के निरीक्षण के दौरान लोकोमोटिव अनुरक्षण के विभिन्न बिंदुओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के बाद उन्होंने इज्जतनगर के डीआरएम आफिस के नवीनीकृत प्रवेश द्वार का उद्घाटन वयोवृद्ध रेल कर्मचारी मास्टर क्राफ्ट्स मैन खीम सिंह के हाथों फीता कटवाकर किया। डीआरएम सभागार में उन्होंने इज्जतनगर मंडल के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं आय की प्रशंसा की। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक शाखा अधिकारी अपने-अपने विभाग में पद्धति सुधार के क्षेत्र में पूरी निष्ठा से कार्य करे।
इस दौरान डीआरएम दिनेश कुमार सिंह ने पावर प्वांइट प्रजेंटेशन के माध्यम से बताया कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष 24.5 प्रतिशत, यात्री आय में छह प्रतिशत, माल लदान में 73.9 प्रतिशत तथा अन्य स्रोतों से 7.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। टिकट चेकिंग में 14.9, बिना बुक सामान के केसों में 3.7 प्रतिशत एवं भाडे़ में 8.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इस मौके पर मुख्यालय से मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सुधांशु शर्मा, मनोज विश्वास, इज्जतनगर मंडल से एडीआरएम आशीष कुमार अग्रवाल, अजय वार्ष्णेय, सीएमएस डॉ. अरुण खुन्नू, सीनियर डीसीएम नीतू, मुख्य कारखाना प्रबंधक राजेश अवस्थी आदि उपस्थित थे।