बरेली। इज्जतनगर मंडल की आरपीएफ ने अनधिकृत पानी और अवैध वेंडरों के खिलाफ अभियान चलाकर 29 वेंडरों को गिरफ्तार कर लिया। इनमें 24 अवैध वेंडर भी हैं। दो दिन चले अभियान से स्टेशनों पर हड़कंप है।
इज्जतनगर मंडल के सभी स्टेशनों पर रेल नीर भरपूर मात्रा में उपलब्ध है, बावजूद इसके अनधिकृत बोतल बंद पानी धड़ल्ले से बिक रहा है। मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर आठ और नौ जुलाई को आपरेशन थर्स्ट चलाया गया। अभियान सभी स्टेशनों पर एक साथ चलाया गया। अचानक शुरू हुए अभियान से अफरातफरी मच गई।
अभियान में 24 अवैध वेंडर और पांच अधिकृत वेंडरों को अनधिकृत बोतल बंद पानी बेचते गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 144 के तहत कार्रवाई गई। मंडल के सहायक कमांडेंट प्रमोद कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय ने रेलनीर के अलावा एक्वाफिना और किनले ब्रांड बेचने के लिए अधिकृत किए हैं। उन्होंने बताया कि अभियान खत्म हो गया है, लेकिन समय-समय पर अभियान चलता रहेगा। उधर, पकड़े गए सभी अवैध वेंडरों को जेल भेज दिया गया है।