बरेली। सिटी स्टेशन से रामगंगा के बीच ट्रेनों का संचालन होने के लिए अभी दीवाली तक इंतजार करना होगा। जिस स्पीड से नया ट्रैक बनाने का काम चल रहा है, उससे ट्रैक को तैयार होने में करीब डेढ़ महीने से अधिक वक्त लग जाएगा। रामगंगा के पास अभी पटरियों के बीच मिट्टी डालने का काम चल रहा है।
एनईआर और एनआर को जोड़ने के लिए सिटी स्टेशन से रामगंगा तक नया ट्रैक बनाने का काम पिछले तीन महीने से चल रहा है। इसमें पूर्वोत्तर रेलवे की तीन लाइनों को हटाकर थोड़ा सा बदलाव किया गया है। काम पूरा होने तक कासगंज रूट की ट्रेनें बरेली रेलवे जंक्शन से एनआर वाले ट्रैक पर निकाली जा रही हैं। इससे कई बार दूसरी ट्रेनों के रूट में बदलाव पर ट्रेनें रामगंगा स्टेशन पर खड़ी रहती हैं, इसीलिए जल्द से जल्द रामगंगा ट्रैक को शुरू करने की मांग उठ रही है। वैसे तो यह काम सितंबर तक पूरा हो जाना था लेकिन रेलवे सूत्रों का कहना है कि अगले महीने अक्टूबर में भी काम पूरा नहीं हो पाएगा। रेलवे प्रशासन की ओर से काम पूरा होने के रिपोर्ट मिलने के बाद सीआरएस सर्वे करेंगे। सीआरएस की हरी झंडी के बाद ही ट्रैक को एनओसी मिल सकेगी।