बरेली। वाराणसी, मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ, सुल्तानपुर वालों को दशहरा पर घर जाने के लिए अब परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। रेलवे ने दशहरा से एक दिन पहले नई दिल्ली-वाराणसी के बीच स्पेशल ट्रेन का संचालन करने का फैसला किया है। 21 अक्तूबर को यह ट्रेन नई दिल्ली से रवाना होगी और 25 अक्तूबर को वाराणसी से लौटेगी। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक नई दिल्ली-वाराणसी स्पेशल (04424/23) 21 अक्तूबर की रात 9:50 बजे नई दिल्ली स्टेशन से चलेगी और अगले दिन सुबह 11:50 बजे वाराणसी पहुंचेगी। 25 अक्तूबर को दोपहर 3:50 बजे वाराणसी से चलकर अगले दिन सुबह 5:50 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ और सुल्तानपुर के स्टेशनों पर भी रुकेगी। ऐसे में गाजियाबाद से मुरादाबाद, बरेली, लखनऊ जाने वालों को भी बड़ी राहत मिलेगी। यह ट्रेन रेलवे ने स्पेशल व्यवस्था के तहत चलाई है ताकि दशहरा पर यात्रियों को इस रूट पर दिक्कत न हो।