एक सितंबर से रेलवे के मुरादाबाद मंडल की सीमाएं बदल जाएंगी। रेलवे बोर्ड ने उत्तर रेलवे और उत्तर पूर्व रेलवे (एनईआर) की सीमाओं का पुनर्निर्धारण किया है। जिसके बाद सीतापुर कैंट और थामसनगंज मुरादाबाद मंडल से इज्जतनगर में शामिल हो जाएंगे। जबकि सीतापुर सिटी पहले की तरह मुरादाबाद से ही कंट्रोल होगा।
उत्तर रेलवे और उत्तर पूर्व रेलवे की भौगोलिक सीमाओं के बीच कुछ स्टेशन और ट्रैक ऐसे हैं जिनको लेकर स्थिति तो स्पष्ट थी, लेकिन ट्रेनों के संचालन में दिक्कत होती थी। मुरादाबाद मंडल का अंतिम स्टेशन सीतापुर सिटी था। इसी शहर में सीतापुर कैंट एनईआर की सीमा में आता था। उसके नजदीक से एनईआर की लाइन भी गुजरती है। साथ ही उसकी साइडिंग थामसनगंज में थी। इससे दोनों मंडल में ट्रेनों के संचालन और एक दूसरे की ट्रेनों को प्राथमिकता नहीं दिए जाने का मुद्दा उठता रहता था। एक सितंबर तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर सीतापुर कैंट और थामसनगंज स्टेशन इज्जतनगर मंडल को हैंडओवर किया जाना है। इसी सिलसिल में गुरुवार को डीआरएम मुरादाबाद और डीआरएम इज्जतनगर के बीच सीतापुर में बैठक होगी।