दिल्ली-लखनऊ के बीच शुक्रवार से रविवार तक सड़क मार्ग से यात्रा तकलीफदेह रहेगी। नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा के पास स्थित हुलास नगरा रेल क्रॉसिंग शुक्रवार से तीन दिन के लिए बंद रहेगा। रेलवे को यहां ट्रैक मरम्मत और स्लीपर बदलने का काम करना है। रेल क्रॉसिंग ब्लॉक के चलते नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है।
रेलवे के नेशनल हाईवे पर मीरानपुर कटरा स्थित रेल क्रॉसिंग नंबर 343 हुलास नगरा पर ट्रैक मरम्मत और स्लीपर बदलने का काम प्रस्तावित है। यह काम पूरा करने के लिए नवंबर के पहले सप्ताह में क्रॉसिंग ब्लॉक किया जाना था। दिवाली, छठ पूजा त्योहारों की वजह से रेलवे ने ब्लॉक को आगे बढ़ा दिया।
अब क्रॉसिंग 16, 17 और 18 नवंबर को सभी तरह के वाहनों के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा। इस दौरान नेशनल हाईवे पर दिल्ली-लखनऊ के बीच चलने वाले ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। लखनऊ से बरेली की ओर जाने वाले ट्रक, डीसीएम समेत भारी वाहनों को बरेली मोड़ से डायवर्ट कर कांट, जलालाबाद, मिर्जापुर, कलान और बदायूं होते हुए पास किया जाएगा।
बरेली की ओर जाने वाले छोटे वाहन पिकअप, कार, टैक्सी, जीप और रोडवेज बसों को बरेली मोड़ से तिलहर, कटरा से खैरपुर चौराहा, जैतीपुर होते हुए फतेहगंज पूर्वी में निकाला जाएगा।
इसी तरह बरेली की ओर से आने वाले वाहनों को कसरक रेल क्रॉसिंग होते हुए कटरा, तिलहर होते हुए शाहजहांपुर की ओर निकाला जाएगा। बरेली से बीसलपुर होते हुए शाहजहांपुर आने वाले भारी वाहनों को निगोही से पुवायां होते हुए मोहम्मदी, शंकरपुर चौराहा होते हुए पास किया जाएगा। सभी रूट के जाम प्वाइंट पर संबंधित थानों की पुलिस लगातार पेट्रोलिंग करेगी, ताकि जाम की समस्या पैदा न हो।
हुलास नगरा रेल क्रॉसिंग शुक्रवार, शनिवार और रविवार को बंद रहेगा। नेशनल हाईवे पर इस दौरान 24 घंटे रूट डायवर्जन लागू किया गया है। किसी भी स्थान पर जाम की समस्या पैदा न हो इसकी पूरी व्यवस्था की गई है।
-डॉ. एस चन्नप्पा, एसपी
मंडल मुख्यालय से तीन दिन के ब्लॉक को हरी झंडी मिल गई है। ट्रैक मरम्मत और स्लीपर बदलने का काम समय से पूरा कर लिया जाएगा। हुलास नगरा रेल क्रॉसिंग 16, 17 और 18 नवंबर को सभी तरह के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह से बंद रहेगा।
- रॉकी तुहर, सहायक मंडलीय अभियंता रेलवे