गंगा घाटों पर 25 नवंबर तक 60 ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव
कार्तिक पूर्णिमा के मद्देनजर रेलवे हरिद्वार, कछला, गढ़ मुक्तेश्वर गंगा घाट स्टेशनों से होकर गुजरने वाली 60 ट्रेनों में इन स्टेशनों पर 22 से 25 नवंबर तक अतिरिक्त ठहराव देगा। इसके अलावा इन रूटों की कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी लगाए जाएंगे। यात्रियों का दबाव बढ़ने पर ऐन मौके पर विशेष गाड़ी का संचालन किया जा सके इसके लिए जंक्शन और इज्जतनगर में रैक को तैयार रखा गया है।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि गंगा स्नान के दौरान तीन दिन तक ट्रेनों पर श्रद्धालुओं का ज्यादा दबाव रहता है। इसको देखते हुए हरिद्वार, कछला, गढ़ मुक्तेश्वर के अलावा कंकाठेर, नरौरा, बालावली स्टेशनों पर 60 से ज्यादा ट्रेनों को अतिरिक्त ठहराव दिया जाएगा, ताकि श्रद्धालु आसानी से ट्रेनों में चढ़ और उतर सकें। उन्होंने बताया कि मुरादाबाद, गाजियाबाद, हापुड़ से हरिद्वार के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन भी किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गंगा घाट स्टेशनों पर हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश भी किए गए हैं। स्टेशनों पर सुरक्षा के भी अतिरिक्त प्रबंध किए जा रहे हैं।
आठ ट्रेनों में स्लीपर और एसी श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाएगा रेलवे
कई रूटों पर यात्रियों के दबाव के बीच रेलवे ने बरेली होकर गुजरने वाली आठ नियमित ट्रेनों में अस्थायी रूप से स्लीपर और एसी श्रेणी के अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है।
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि 14207 पद्मावत एक्सप्रेस में 26 नवंबर से चार दिसंबर, 14208 पद्मावत एक्सप्रेस में 29 नवंबर से सात दिसंबर तक स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त को लगाया जाएगा।
22420-19 गाजीपुर सिटी एक्सप्रेस में 28 नवंबर से चार दिसंबर तक स्लीपर श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा। इसके अलावा 14623-24 वाराणसी-छेहरटा एक्सप्रेस में 27 व 28 नवंबर को स्लीपर श्रेणी का एक और एसी तृतीय श्रेणी के दो अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे। 12429-30 लखनऊ-दिल्ली एसी सुपरफास्ट में एसी तृतीय श्रेणी का एक-एक अतिरिक्त कोच लगाया जाएगा।