थाना बारादरी में कॉपीराइट अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज
बरेली। कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस टीम के साथ श्यामगंज बाजार में पांच थोक विक्रेताओं के यहां छापा मारकर 64 बोरी और 91 पैकेट नकली टाटा नमक बरामद किया है। सभी दुकानदारों के खिलाफ थाना बारादरी में कॉपीराइट एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
राजेंद्रनगर, दिल्ली के देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह टाटा नमक की मार्केटिंग और जांच के लिए अधिकृत हैं। बरेली की श्यामगंज मंडी में लगातार नकली टाटा नमक बेचने की सूचना मिल रही थी। इस पर बृहस्पतिवार शाम उन्होंने बारादरी पुलिस के साथ थोक विक्रेता शाहिद, निश्चय बाधवा, दीनानाथ, हरिश्चंद्र और दिलीप खेमलानी के यहां छापा मारा तो 64 बोरी और 91 पैकेट नकली नमक बरामद हुआ। सारा माल जब्त करके उन्होंने सैंपल जांच को भेज दिए हैं। साथ ही आरोपियों के खिलाफ थाना बारादरी में आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई है।
नकली नमक में नहीं आयोडीन
देवेंद्र प्रताप ने बताया कि नकली टाटा नमक में आयोडीन नहीं होता है, लिहाजा यह स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। उन्होंने बताया कि असली टाटा नमक की थैली को जब भी पलटा जाता है, नमक रेत की तरह फिसलने लगता है लेकिन नकली नमक में ऐसा नहीं होता है।
हर बोरी पर 60 रुपये का अतिरिक्त मुनाफा
देवेंद्र के मुताबिक, टाटा कंपनी के नमक की बोरी थोक विक्रेता को 860 रुपये में मिलती है, जिसे वह 930 रुपये में बेचता है। मगर नकली टाटा नमक अधिकतम 800 रुपये बोरी मिल जाता है और उसे असली बताकर बेचने में उन्हें 60 रुपये प्रति बोरी अतिरिक्त मुनाफा होता है।