भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के शल्य चिकित्सा विभाग में सोमवार को रेडियोलॉजी एवं अल्ट्रासाउंड विषय पर एक रिफ्रेशर कोर्स शुरू किया गया। पाठ्यक्रम में राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, अजमेर, दौसा और सीकर के क्षेत्रों में कार्यरत दस पशु चिकित्सा अधिकारी भाग ले रहे हैं। एक सप्ताह के इस रिफ्रेशर कोर्स की शुरुआत करते हुए संस्थान के संयुक्त निदेशक शोध एवं मुख्य अतिथि डॉ. बीपी मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में कार्यरत पशु चिकित्सा अधिकारियों को इस विषय में प्रशिक्षित करना संस्थान के मानव संसाधन विकास का एक महत्वपूर्ण काम है। शल्य चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष एवं कोर्स केे निदेशक डॉ. अमरपाल ने पाठ्यक्रम के विषय पर विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि इससे प्रशिक्षणार्थियों को पशु रोगों का पता लगाने में सहायता मिलेगी। समारोह का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. प्रकाश किंजवडेकर और डॉ. रोहित कुमार ने किया।