बरेली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर तीन दिन निर्बाध बिजली आपूर्ति का दावा पहले दिन ही फेल हो गया। रविवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में उपभोक्ताओं को आठ घंटे तक बिजली कटौती का सामना करना पड़ा। भीषण गर्मी में करीब 80 हजार शहरवासी परेशान हुए।
रविवार को दोपहर तीन बजे फॉल्ट के चलते कुतुबखाना उपकेंद्र के सभी फीडर की आपूर्ति बंद करनी पड़ी। इससे कुतुबखाना, छोटी बमनपुरी, बड़ी बमनपुरी, कूंचा सीताराम, सौदागरान, बिहारीपुर, कन्हैया टोला, ख्वाजा कुतुब, आला हजरत दरगाह आदि इलाकों में आपूर्ति ठप हो गई। रात 10 बजे तक कुतुबखाना उपकेंद्र से आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी। इस कारण इलाके में 15 हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं का कटौती का सामना करना पड़ा।
इधर, विद्युत वितरण खंड तृतीय के शाहदाना उपकेंद्र के नवादा शेखान इलाके में बिजली के तीन खंभे गिरने के कारण आपूर्ति ठप हो गई। नवादा शेखान, कटरा चांद खां, शाहदाना, सूफी टोला आदि इलाकों में चार हजार से ज्यादा उपभोक्ताओं को परेशानी हुई। किला, सुभाषनगर, मढ़ीनाथ के उपभोक्ता भी दिनभर ट्रिपिंग से जूझते रहे।
जगतपुर, महानगर, हरूनगला, डोहरा मोड़ इलाकों में भी लोकल फॉल्ट और ट्रिपिंग के कारण उपभोक्ता परेशान हुए। अधिशासी अभियंता तृतीय खंड अनुज गुप्ता ने बताया कि खंभे गिरने और कुछ इलाकों में लोकल फॉल्ट के कारण समस्या रही।
सूफी टोला में दिन भर गुल रही बिजली
नवादा शेखान में 11 हजार केवी की बिजली लाइन टूटने से नवादा शेखान, सूफी टोला, रबड़ी टोला में दिन भर आपूर्ति ठप रही। देर शाम आपूर्ति शुरू जरूर हुई मगर उपभोक्ता ट्रिपिंग से जूझते रहे। राम वाटिका के पास लोकल फॉल्ट होने के कारण राम वाटिका, मालियों की पुलिया, इसाईयों की पुलिस, 300 बेड अस्पताल के आसपास के इलाकों में आपूर्ति प्रभावित रही।