बरेली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की ओर से रविवार को शहर के 17 केंद्रों पर राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) कराई गई। केंद्र से बाहर निकलते अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को मध्यम स्तर का बताया। उन्होंने कहा कि बायोलॉजी का हिस्सा लंबा रहे, जिसे हल करने में ज्यादा समय लगा। वहीं, भौतिक विज्ञान के सवाल सूत्रों पर आधारित रहे। पहले से निर्देश जारी होने से अभ्यर्थी उसी के अनुरूप तैयार होकर केंद्रों पर पहुंचे थे।
एनटीए के जिला समन्वयक वीके मिश्रा ने बताया कि परीक्षा अपराह्न दो से शाम 5:20 बजे तक कराई गई। सुबह 11 बजे से केंद्रों पर अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू हुआ। पंजीकृत 11,173 में से 298 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। भैतिकी, रसायन और जीव विज्ञान विषयों से 200 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए थे। पेपर 720 अंकों का रहा। परीक्षा केंद्र से बाहर निकलते हुए अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को आसान बताया। कहा कि पेपर में अधिकतर सवाल विषय की अवधारणा पर आधारित रहे। निगेटिव मार्किंग के कारण जिन प्रश्नों को लेकर संशय था, उन्हें बाद में हल किया।
गर्मी में परेशान हुए अभ्यर्थी व अभिभावक
पैरेंट्स फोरम के समन्वयक मुहम्मद खालिद जीलानी ने बताया कि नीट (यूजी) के दौरान अभ्यर्थियों के संग आए अभिभावकों को भीषण गर्मी में परेशान होना पड़ा। केंद्रों पर कड़ी धूप से बचने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया। परीक्षा केंद्रों पर जांच प्रक्रिया में अभ्यर्थियों को लंबी कतार में लगना पड़ा। उनके बैग व सामान रखने की व्यवस्था भी नहीं की गई थी।
निगेटिव मार्किंग ने डराया
भौतिकी के सवाल सूत्रों पर आधारित थे। निगेटिव मार्किंग से बचने के लिए समय देकर सवालों को ठीक से हल किया। - ललित
सभी विषयों के प्रश्न अवधारणा पर आधारित थे। इसकी तैयारी काफी समय से की थी। इसलिए पेपर आसान लगा। - उवैस खान
पेपर मध्यम स्तर का था। इसके लिए ऑनलाइन तैयारी कर रहे थे। प्रश्नों को सटीकता से हल करने का प्रयास किया। - अमजद