- नए और पुराने पर्चे पर तीन हजार मरीजों का हुआ इलाज
बरेली। बारिश, धूप और उमस लोगों को बीमार बना रही है। सोमवार को जिला अस्पताल के पर्चा, दवा और पैथोलॉजी काउंटर समेत ओपीडी में मरीजों की कतार रही। भारी भीड़ होने के चलते काउंटरों पर नोकझोंक की स्थिति रही। महिलाओं और पुरुषों की लाइन काउंटर के बाहर तक लगानी पड़ी। दोपहर तीन बजे तक डॉक्टर मरीजों को देखते रहे।
शनिवार को उर्स और रविवार को अवकाश के बाद सोमवार को ओपीडी में सुबह से ही मरीजों की कतार रही। सुबह आठ बजे ओपीडी खुलनी थी पर कई मरीज सुबह सात बजे से ही कतार में लग गए थे। दोपहर एक बजे तक 16 सौ मरीजों के पर्चे बने। वहीं, पुराना पर्चा से भी करीब छह सौ मरीज दवा और परामर्श के लिए पहुंचे थे। पैथोलॉजी, एनसीडी क्लिनिक, एआरटी सेंटर, मनकक्ष में भी करीब सात सौ से ज्यादा मरीज परामर्श के लिए पहुंचे।
वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरके गुप्ता के मुताबिक मौसम में स्थिरता न होने से लोगों में मौसम से तालमेल बैठाने की क्षमता प्रभावित हो रही है। लिहाजा, सर्द-गर्म, त्वचा, आंखों में लालिमा, कान में फंगस, पस, शरीर में खुजली, पेट में दर्द, कब्ज, दस्त, उल्टी के मरीज बढ़ गए हैं।
सौ से ज्यादा दिव्यांग पहुंचे शिविर, 68 के बने प्रमाणपत्र
सीएमओ कार्यालय में आयोजित शिविर में सौ से ज्यादा दिव्यांग जांच कराने पहुंचे। कर्मचारियों के मुताबिक पिछले दिनों जन्माष्टमी और उससे पहले सावन का आखिरी सोमवार होने से शिविर का आयोजन प्रभावित रहा। लिहाजा, दो बार के लंबित मामले भी इस सोमवार को शिफ्ट हो गए थे। बताया कि सौ से ज्यादा हुए पंजीकरण में से 68 के प्रमाण पत्र के नवीनीकरण और नए जारी करने की कार्रवाई हुई। अमर उजाला ब्यूरो