बरेली। बाकरगंज में वर्षों से लगे कूड़े के ढेर और उससे स्थानीय लोगों को होने वाली परेशानियों के मद्देनजर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समीक्षा बैठक के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य से सवाल दागा। सख्त हिदायत दी कि बाकरगंज से जल्द कूड़े के पहाड़ को हटवाया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को गंदगी और बदबू से राहत मिल सके। मुख्यमंत्री के इस निर्देश के बाद अब नगर निगम प्रशासन काम में तेजी लाने की तैयारियों में जुट गया है।
मंगलवार को शहर पहुंचे मुख्यमंत्री ने सर्किट हाउस में विकास कार्य की समीक्षा के दौरान सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के संबंध में पूछा तो नगर आयुक्त ने बताया कि इसके संचालन की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। जुलाई में इसके संचालन की उम्मीद है। प्लांट के पूरी तरह सक्रिय होने के बाद बाकरगंज में डंप कूड़े का निस्तारण बेहद तेजी से और वैज्ञानिक तरीके से किया जा सकेगा। इस प्लांट की क्षमता शहर की जरूरत के मुताबिक तैयार की गई है। शहर से प्रतिदिन निकलने वाले लगभग 500 मीट्रिक टन कचरे का इस प्लांट के माध्यम से निस्तारण किया जाएगा। दैनिक स्तर पर कूड़े की प्रोसेसिंग होने से भविष्य में दोबारा कहीं भी कचरे का पहाड़ नहीं बनेगा।